News Details
News image

Essay writing competition


Posted on 31/08/2026

“आधुनिक शिक्षा और रोजगार” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित” आज दिनांक 27/08/2026 को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इसराना (पानीपत) में प्राचार्य डॉ. हरि ओम के मार्गदर्शन में प्लेसमेंट सेल एवं इतिहास विषय समिति के संयुक्त तत्वावधान में “आधुनिक शिक्षा और रोजगार” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के बदलते अवसरों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर इतिहास विषय समिति के संयोजक श्री संदीप, सहायक प्राध्यापक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने तथा बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। प्लेसमेंट सेल संयोजक श्री नसीब, सहायक प्राध्यापक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को “सीखते रहें, आगे बढ़ते रहें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें” का संदेश दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका श्री सुनील, श्रीमती ममता एवं मिस पूजा जागलान द्वारा निभाई गई। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के लेखन में विषय की समझ, विचारों की मौलिकता, प्रस्तुतीकरण एवं रचनात्मकता के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक एवं प्रभावशाली लेखन के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुहानी बीए. तृतीय वर्ष, द्वितीय स्थान अर्पिता बीएससी. प्रथम वर्ष एवं तृतीय स्थान प्रीति बीएससी. प्रथम वर्ष ने प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरि ओम ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजन समिति, निर्णायक मंडल एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाली ऐसी गतिविधियाँ उनके सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।